पूर्व महासचिव कोफी अन्नान के देहांत पर महासचिव का वक्तव्य
18 August 2018
कोफी अन्नान सद्कार्यों के लिए एक मार्गदर्शक शक्ति थे। उनकी मृत्यु के समाचार ने मुझे अत्यंत दुख से भर दिया। कई कारणों से श्री अन्नान संयुक्त राष्ट्र का दूसरा…

कोफी अन्नान सद्कार्यों के लिए एक मार्गदर्शक शक्ति थे। उनकी मृत्यु के समाचार ने मुझे अत्यंत दुख से भर दिया। कई कारणों से श्री अन्नान संयुक्त राष्ट्र का दूसरा नाम बन गए थे। उनके नेतृत्व में संयुक्त राष्ट्र ने अतुलनीय गरिमा और दृढ़ संकल्प के साथ नई सहस्राब्दि में पदार्पण किया जिसका मूल कारण श्री अन्नान का अथक परिश्रम था।
अन्य लोगों की तरह मैं भी गर्व से कहता हूँ कि कोफी अन्नान एक अच्छे मित्र और गुरु थे। जब वे संयुक्त राष्ट्र महासचिव थे, तब उन्होंने ही संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी उच्चायुक्त के रूप में मेरा चयन किया था और मैं आज भी उनके इस भरोसे के लिए उनका आभारी हूँ। वे ऐसे व्यक्ति थे जिनसे मैं सदैव मार्गदर्शन लेता था और उनके पांडित्य से ज्ञान अर्जित करता था- और मैं जानता हूँ कि ऐसा करने वाला मैं अकेला नहीं था। प्रत्येक स्थान पर वे लोगों को संवाद करने, समस्याओं का समाधान तलाशने और बेहतर दुनिया रचने का अवसर प्रदान करते थे। इस अशांत और कष्टकर दौर में वे संयुक्त राष्ट्र घोषणापत्र के मूल्यों को व्यावहारिक रूप देने के लिए हर संभव प्रयास करते थे। उनकी विरासत हम सबके लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।
नाने अन्नान, उनके प्रिय परिवार और सभी शोकग्रस्त लोगों को मेरी हार्दिक सहानुभूति। अफ्रीका के सच्चे सपूत कोफी अन्नान वास्तव में शांति और मानवता के पुजारी थे।
न्यूयार्क, 18 अगस्त, 2018